रेवाड़ी। जिले के दो गांवों आकेड़ा और घटाल महनियावास को मिलाकर महाग्राम बनाया जाएगा। विधायक ने इसकी मांग की थी जिसे कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मंजूरी प्रदान कर दी है।
रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि आकेड़ा और घटाल महनियावास गांवों में दर्जनों काॅलोनियां बस चुकी हैं। इन कॉलोनियों में 25 हजार से ज्यादा लोग रहते हैं।
आकेड़ा में करण कुंज, विवेकानंद काॅलोनी, कौशिक कॉलोनी है जबकि घटाल महनियावास में नारायण विहार कॉलोनी है। नरेश विहार पार्ट-1 और 2, श्याम विहार, अशोक कॉलोनी 1995 में बसी थी। यह सभी क्षेत्र आपस में जुड़े हुए हैं और राजस्थान के औद्योगिक कस्बा भिवाड़ी से सटे हुए हैं।
यहां हजारों की संख्या में श्रमिक व उनके परिवार रहते हैं। बड़ी संख्या में यहां किरायेदार भी रहते हैं। इसलिए इस पूरे क्षेत्र को महाग्राम घोषित करके सीवरेज व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए।
विधायक ने कहा कि वर्तमान की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता है कि इन गांवों में सीवरेज लाइन डाली जाए ताकि यहां जो दूषित पानी की समस्या है उसका समाधान हो सके। विधायक की मांग पर जनस्वास्थ्य मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि इन दोनों गांवों को मिलाकर महाग्राम बनाया जा सकता है, क्योंकि यह महाग्राम की शर्तों को पूरा कर रहे हैं।
महाग्राम का दर्जा दिए जाने के बाद इनमें सीवरेज लाइन भी डाली जाएगी। सीवरेज लाइन डालने से इन गांव की दूषित पानी की समस्या का भी समाधान होगा। वहीं, विधायक की मांग पर दोनों गांवों को मिलाकर महाग्राम बनाने की योजना से दोनों गांवों के ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
-
महाग्राम घोषित कर सीवर लाइन डाली जाएगी : मंत्री कृष्ण
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि जिस गांव की आबादी दस हजार से ज्यादा है, वहां महाग्राम घोषित करके सीवर लाइन डाली जा सकती है। इन गांवों को महाग्राम घोषित कर सीवरेज सिस्टम डाला जाएगा। इसके लिए एडीसी व जिला परिषद के सीईओ की कमेटी बनाई थी। हाल ही में इस कमेटी की मीटिंग हुई थी और इसमें उपायुक्त को भी शामिल किए जाने का आग्रह किया गया है। जैसे ही इस कमेटी की रिपोर्ट आती है महाग्राम घोषित करने के लिए आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।