संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस की ओर से जागरूक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को यातायात पुलिस ने संगवाड़ी एनएच-48 स्थित टीसीआई ट्रांसपोर्ट यूनियन में वाहन चालकों और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों व आमजन को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, वाहन चलते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, नशीले पदार्थ का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई। बताया गया कि नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चालने के लिए न दें। यातायात पुलिस ने सभी मौजूद चालकों व आमजन को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में बताया।
यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार ने कहा कि अधिकांश सड़क हादसे चालक की गलती से होते हैं। इसलिए वाहन चलाते समय यातायात नियमो का पालन करना चाहिए। धुंध में धीमी गति से गाड़ी चलानी चाहिए, सड़क के बीच गाड़ी नहीं रोकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों से बचने के लिए मार्ग पर चलते समय यातायात नियमों का सही से पालन करने पर विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है।