संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के तहत नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने 11 दिनों में जिले के 60 स्थानों पर 15 हजार लोगों को जागरूक किया। पुलिस की टीमों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चौक-चौराहों, औद्योगिक क्षेत्र, शिक्षण संस्थान, खेल स्टेडियम में नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक किया।
पुलिस टीमों ने ग्यारह दिनों में आमजन को नशे से होने वाली हानि व खेल से होने वाले लाभ के बारे में बताया। बताया कि हमें किसी भी प्रकार का नशा नहीं करना चाहिए। नशा हमारे जीवन को धीरे-धीरे अंधकार की ओर ले जाता है। जो लोग नशे के आदी हो जाते हैं जब तक उन्हें पता चलता है उनके घातक परिणाम सामने आने लगते हैं और वे लोग नशे के गुलाम बन जाते हैं।
इसके बाद वे लोग नशे की पूर्ति के लिए अपराध की ओर बढ़ जाते हैं। इसका परिणाम उसके माता-पिता व अन्य रिश्तेदारों को भुगतना पड़ता है।
डीएसपी हेड क्वार्टर पवन कुमार ने बताया कि सभी लोग उक्त नशा मुक्त भारत अभियान में अपना योगदान दें और नशे का कारोबार करने वालों की सूचना तुरन्त डायल 112 पर पुलिस विभाग को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।