संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा बारा हजारी मोहल्ले में वृंदावन चौक पर स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर से 27 जून को सुबह 10 बजे निकलेगी। रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ जी के साथ बलभद्र और सुभद्रा माई भी रहेंगी।
रथयात्रा संचालक रमेश वशिष्ठ ने बताया कि रथयात्रा सुबह 10 बजे से वृंदावन चौक स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर भाड़ावास गेट, सैनी चौपाल, सती कॉलोनी मोड़ से अग्रसेन चौक से होते हुए दोपहर 12 बजे नई अनाज मंडी स्थित श्री शिव मंदिर परिसर में पहुंचेगी।
रथयात्रा में झांकी सजाई जाएगी। अनाज मंडी स्थित शिव मंदिर में सभी व्यापारी भगवान की विशेष पूजा करेंगे। भगवान की आरती की जाएगी। यहां से शाम 3 बजे यात्रा फिर शुरू होगी।
यह यात्रा बड़ा तालाब हनुमान मंदिर, बस स्टैंड, माता चौक, वैधवाड़ा, नालबंदा, पुरानी अनाज मंडी, गोकलगेट, रेलवे चौक, काठमंडी चौक, घंटेश्वर महादेव मंदिर, जीवली बाजार, कटला बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, गुड़ बाजार, दुर्गा मंदिर से होते हुए मंदिर पहुंचेगी।
व्यवस्थापक स्वामी टेकचंद गौड़ ने बताया कि झांकी में सुमेर ब्रास बैंड, गोपाल वर्मा एंड पार्टी, शहनाई राया-मथुरा, श्रीकृष्ण नगाड़ा मंडल पलवल, पेशूराम सिंधी शहनाई खैरथल, अलवर से आई ढोल ताशा की टीम रहेगी।
रथ यात्रा के मुख्य अतिथि रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव रहेंगे। विशेष आमंत्रित अतिथियों में सूरजभान सैनी, मुख्य सारथी मुकेश अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता अमित यादव पहुंचेंगे। वीरवार को श्री लाडली संकीर्तन मंडल की ओर से दोपहर बाद के समय महिला संगीत का आयोजन किया गया।
यात्रा संचालन के लिए 1878 में बना था लाइसेंस
मंदिर के व्यवस्थापक स्वामी टेकचंद गौड़ ने बताया कि रथ यात्रा को लेकर तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई 1878 में यात्रा के संचालन के लिए लाइसेंस बना था। तब से यह यात्रा हर वर्ष निकाली जा रही है। कोरोना काल में भी यात्रा का संचालन हुआ था। रथयात्रा में कई स्थानों पर श्रद्धालु खुद भगवान के रथ को हाथों से खींचेंगे।