वृद्ध आश्रम का औचक निरीक्षण करने के दौरान बुजुर्ग से बातचीत करते सीजेएम अमित वर्मा। स्रोत : प्र
रेवाड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव कम सीजेएम अमित वर्मा ने वृद्ध आश्रम का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सीजेएम अमित वर्मा ने वृद्धजनों की मिलने वाली सुविधाओं काे देखा।
उन्होंने वृद्धजनों को मिलने वाले भोजन व अन्य सुविधाओं की जांच की। बेहतर से बेहतर सुविधाएं देने के लिए भी कहा। अमित वर्मा ने साफ सफाई पर भी ध्यान देने को कहा। बताया कि वृद्ध शारीरिक और मानसिक रूप से तो कमजोर होते ही हैं और उनकी सबसे बड़ी पीड़ा अकेलापन होता है। इसलिए वृद्धजनों को समाज से अलग थलग न करें बल्कि समाज का हिस्सा मानें। उनको अहसास दिलाएं कि हम उनके साथ हैं।
उन्होंने कहा कि हर इंसान को बुजुर्गों की देखभाल करनी चाहिए। यदि किसी कारण से आश्रम में बुजुर्ग रहने को मजबूर हैं तो उनकी वहां पर भी देखरेख के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि लीगल एड द्वारा सीनियर सिटीजन, महिलाएं, बच्चो, अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों व तीन लाख से कम वार्षिक आय वाले सभी व्यक्तियों को निशुल्क में कानूनी सहायता दी जाती है। कोई भी कानूनी सहायता के लिए उप मंडल विधिक सेवा समिति या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में संपर्क कर सकता है।