रेवाड़ी। नगर परिषद शहर को स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए आधुनिक शौचालयों के निर्माण पर काम कर रही है लेकिन पुराने सार्वजनिक शौचालयों की हालत चिंता का विषय बनी हुई है। शहर के नागरिक इन शौचालयों की दुर्दशा के कारण लगातार परेशानी झेल रहे हैं।
शहर में 22 सार्वजनिक शौचालय और 11 यूरिनल बनाए गए हैं। हालांकि इनमें से अधिकांश शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है। महाराणा प्रताप चौक, गोकल गेट, बारा हजारी, नाईवाली चौक, बावल चौक और रेलवे रोड स्थित शौचालयों की हालत सबसे ज्यादा दयनीय है। गोकल गेट पर बने शौचालय में लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण गंदगी फैली हुई है और वहां का माहौल खराबब हो गया है। वहीं महाराणा प्रताप चौक और बारा हजारी स्थित शौचालयों की हालत भी बदतर है।
शहर में पहले पांच स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट लगाए गए थे लेकिन वे भी अब अनुपयोगी हो चुके हैं। कई शौचालयों में पानी की किल्लत, टूटी हुई टंकियां, खराब नल व फ्लश और जर्जर सीटें आम समस्या बन चुकी हैं। इन खराब हालत के कारण लोग इन सार्वजनिक सुविधाओं का उपयोग करने में हिचकिचाते हैं। लगातार शिकायतें दर्ज की जा रही हैं लेकिन सुधार की दिशा में अब तक पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई है।
गंदगी के कारण शौचालयों का उपयोग करना मुश्किल
सुरेश कुमार ने बताया कि बदबू और गंदगी के कारण शौचालयों का उपयोग करना मुश्किल हो गया है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी हो रही है। अखिल कुमार ने बताया कि नगर परिषद को एक प्रभावी रखरखाव तंत्र स्थापित करना चाहिए। इसके लिए नियमित सफाई कर्मचारियों की तैनाती, टूटी हुई टंकियों और नलों की मरम्मत, समय-समय पर सैनिटाइजेशन और उपयोग में लाए जाने वाले उपकरणों की सही करना जरूरी है। इसके अलावा, मोबाइल टॉयलेट की स्थिति को भी सुधारने की आवश्यकता है ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
शौचालयों के रखरखाव के लिए टेंडर किए जा चुके हैं और सुंदरीकरण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जिन स्थानों पर गंदगी की शिकायतें हैं वहां जल्द सफाई करवाई जाएगी। आने वाले दिनों में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
सुशील कुमार, ईओ, नगर परिषद
बारा हजारी के पास बना शौचालय। संवाद