संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिलेभर में सोमवार को लोहड़ी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। देर शाम लोगों ने अग्नि प्रज्ज्वलित कर उसकी परिक्रमा की और अग्नि में मूंगफली, रेवड़ी आदि डाले। इस दौरान नृत्य भी किया। इसके बाद रेवड़ी और मूंगफली वितरित की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मॉडल टाउन स्थित बाल भवन में लोहड़ी उत्सव का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने किया। इस दौरान रेवाड़ी विधायक ने परिसर में बनाई गई आकर्षक रंगोलियों का अवलोकन किया। उन्होंने लोहड़ी को लेकर एकत्रित की गई लकड़ियों की अग्नि प्रज्जवलित की और लोहड़ी के गीतों के साथ सामूहिक रूप से परिक्रमा की। उन्होंने बुजुर्गों तथा मां-बेटियों के साथ-साथ होनहार छात्राओं को सम्मानित किया।
इस दौरान विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि हमारी सनातनी संस्कृति में तीज-त्यौहारों का विशेष महत्व है। विशेषकर मकर संक्रांति पर दान-पुण्य विशेष फलदायी होता है। लोहड़ी का पर्व हर्ष, उल्लास एवं उमंग लेकर आता है। विधायक लक्ष्मण यादव ने मकर संक्रांति पर नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाले 51 कुंडीय यज्ञ व प्रसाद उत्सव का निमंत्रण दिया। इस मौके पर सीएमओ डाॅ. सुरेंद्र, डीपीओ शालू यादव, शारदा यादव, अर्चना, सुमन यादव, कमलेश राघव, राधा यादव, दीपिका यादव, कुसुम सीडब्ल्युडी चेयरपर्सन, जेजेबी सदस्य आदि मौजूद रहे।