रेवाड़ी। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय के माध्यम से आम नागरिकों के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोला गया है। आईटीआई (रेवाड़ी) में लाइब्रेरी और विभिन्न तकनीकी वर्कशॉप को आम जनता के लिए खोल दी गई है।
ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर आम नागरिक आईटीआई की वर्कशॉप और उसमें जितने भी इक्विपमेंट और टूल है उनका इस्तेमाल कर सकेंगे, इसके साथ-साथ लाइब्रेरी का भी इस्तेमाल कर सकेंगे।
आईटीआई के लाइब्रेरियन इंस्ट्रक्टर राकेश यादव ने बताया कि कोई भी नागरिक और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा अपना पंजीकरण करवाकर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लाइब्रेरी का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए संस्थान में कंप्यूटर साक्षरता, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, वेल्डिंग और मोटर मैकेनिक व्हीकल जैसी विभिन्न वर्कशॉप भी आम जनता के लिए खोली गई हैं, इन वर्कशॉप का उपयोग करने के लिए समय और स्लॉट पहले से निर्धारित करने होंगे, जिनकी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि कोई भी नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से इस सुविधा का लाभ उठा सकता है। लाइब्रेरी की फीस मात्र 100 रुपये प्रति माह निर्धारित की गई है। यदि कोई व्यक्ति वर्कशॉप का उपयोग करना चाहता है तो वह 300 रुपये प्रति घंटा की दर से इक्विपमेंट और टूल की सुविधाओं का लाभ ले सकता है। उन्होंने बताया कि सुविधा का लाभ उठाने के लिए आवश्यक दस्तावेज के रूप में आधार कार्ड अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में संपर्क कर सकते हैं।