संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में सुपर-100 योजना के तहत लेवल-1 की प्रवेश परीक्षा मंगलवार को शहर के पीएमश्री सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल में आयोजित की जाएगी। इसमें जिले के 31 विद्यार्थी शामिल होंगे। शिक्षा विभाग ने परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा दोपहर साढ़े बजे से ढाई बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक, पर्यवेक्षक और सहायक स्टाफ की तैनाती की गई है। नकल रोकने और अनुशासन बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार लेवल-1 परीक्षा का परिणाम 17 जुलाई को घोषित किया जाएगा। इसमें सफल होने वाले विद्यार्थी 19 जुलाई को आयोजित होने वाली लेवल-2 परीक्षा में शामिल होंगे।
अंतिम चयन परिणाम 23 जुलाई को जारी होगा, जबकि चयनित विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं 25 जुलाई से शुरू कर दी जाएंगी। विभाग का मानना है कि इस योजना में सीटों की संख्या बढ़ने से जिले के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेगा।
निजी कोचिंग संस्थानों की महंगी फीस वहन नहीं कर पाने वाले छात्र अब सुपर-100 योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी कर सकेंगे।