रेवाड़ी। शहर के सेक्टर-18 स्थित कन्या महाविद्यालय में बने मतगणना स्थल पर रात के समय कांग्रेस प्रत्याशी चिरंजीव राव व पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव पहुंचे। दरअसल, कांग्रेस प्रत्याशी को सूचना मिली थी कि मतगणना स्थल पर रेवाड़ी के लिए लगाई गई एलईडी स्क्रीन 30 मिनट से बंद है। सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग इसी स्क्रीन पर दिखाई देती है।
इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी मतगणना स्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। कांग्रेस प्रत्याशी चिरंजीव राव का कहना है कि मौके पर उन्हें ड्यूटी मजिस्ट्रेट नहीं मिले, जब उन्हें पता चला कि चिरंजीव यहां पर आए हैं तो वह भी पहुंच गए। उनका कहना है कि बावल की जब एलईडी स्क्रीन चल रही थी तो रेवाड़ी की क्यों बंद थी। अब अधिकारी यह कह रहे हैं कि बिजली में टेक्निकल फॉल्ट था। अगर टेक्निकल फॉल्ट था तो दोनों ही क्षेत्र की एलईडी स्क्रीन बंद होनी चाहिए थी, मगर ऐसा नहीं हुआ। रेवाड़ी की एलईडी स्क्रीन बंद होना समझ से बाहर है। फिलहाल चिरंजीव राव ने मामले की जांच की मांग की है। चिरंजीव राव का कहना है कि यह बिल्कुल भी उचित नहीं है। मामले में रिटर्निंग अधिकारी रेवाड़ी एसडीएम ने कहा कि टेक्निकल फाॅल्ट की वजह से रेवाड़ी की एलईडी बंद हो गई थी। हालांकि, एहतियात के तौर पर स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी के साथ एक एलईडी और लगाई गई है। एलईडी कुछ मिनट के लिए बंद हुई थी। सीसीटीवी कैमरे चालू थे। ऐसे में किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। आरओ ने कहा कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था में ईवीएम मशीन रखी गई हैं।