बैठक में उपस्थित अधिवक्ता। स्रोत: प्रवक्ता
रेवाड़ी। एसडीएम के तबादले की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने सोमवार से अदालतों का कामकाज ठप रखने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एसडीएम के तबादले तक वह काम पर नहीं लौटेंगे।
बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वामित्र यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया कि सोमवार से धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा और सभी न्यायिक व राजस्व अदालतों के कार्य का बहिष्कार किया जाएगा।
इसमें राजस्व अधिकारियों के न्यायालयों के साथ न्यायिक अधिकारियों की अदालतों में भी कामकाज प्रभावित रहेगा। बार प्रधान विश्वामित्र यादव ने कहा कि एसडीएम के व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से विरोध चल रहा है। मामले से सांसद, विधायक, उपायुक्त सहित उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है लेकिन समाधान नहीं निकला है।
उन्होंने कहा कि जब तक एसडीएम का तबादला नहीं किया जाता, तब तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से दूर रहेंगे और आंदोलन जारी रखेंगे।
बैठक में मौजूद अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। बार एसोसिएशन के इस फैसले से सोमवार से अदालतों में आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।