श्रावण के अंतिम सोमवार को शिव मंदिर में भोले बाबा का जलाभिषेक करते श्रद्धालु।
- फोटो : Rewari
श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस मौके पर विभिन्न मंदिरों में विशेष संकीर्तन तथा भंडारों का भी आयोजन किया गया। स्थानीय आजाद चौक स्थित शिव मंदिर में पुजारी पंडित सुमन भारद्वाज की देखरेख में विशेष संकीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
विशेषकर श्रावण माह के सोमवार का व्रत धारण करने वाले श्रद्धालुओं ने परिवार के सदस्यों के साथ भेलपत्र, गंगाजल, दूध, फलादि से भगवान शंकर की पूजा की। मंदिर के पुजारी पंडित सुमन भारद्वाज ने बताया कि दोपहर बाद मंदिर परिसर में विशेष संकीर्तन का आयोजन किया गया। जिसमें आजाद नगर, आनंद नगर, गोली चाइल्ड स्कूल गली नंबर एक व दो, मधु विहार, आर्य नगर, गांधी नगर, सनसिटी, बंजारवाड़ा, गौतम नगर, सुभाष नगर, धारुहेड़ा चौक समेत आसपास के क्षेत्र की काफी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। करीब तीन घंटे तक चले इस संकीर्तन में महिलाओं ने भगवान शंकर के अतिरिक्त विभिन्न देवताओं की अराधना की। उन्होंने बताया कि श्रावण माह के सोमवार को व्रत धारण करने व शिव पूजा करने से विशेष लाभ मिलता है तथा सुख-शांति में बढ़ोतरी होती है। शिव भक्त श्रावण के सभी सोमवार का व्रत रखते हैं तो कुछ साधक पहले एवं अंतिम सोमवार का व्रत धारण करते हैं। संकीर्तन के समापन पर खीर एवं फलों का प्रसाद वितरित किया गया।