रेवाड़ी। राजस्थान के डिडवाना से दिल्ली जा रहे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के सब इंस्पेक्टर का लैपटॉप व पेन ड्राइव यहां रेलवे स्टेशन के पास चोरी हो गया। पेन ड्राइव में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील डाटा मौजूद है।
जीआरपी सराय रोहिल्ला ने जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद जीआरपी रेवाड़ी को भेजी थी, जिसके आधार पर जीआरपी ने केस दर्ज करने के बाद चोरों का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। जीआरपी को दर्ज शिकायत में राजस्थान के डिडवाना की शिव कॉलोनी निवासी राजेश चौधरी ने बताया कि वह एनआईए में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। गत दिनों वह पत्नी के साथ ट्रेन में होम टाउन से दिल्ली सराय रोहिल्ला के लिए चले थे। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास उन्होंने देखा तो लैपटॉप गायब मिला। लैपटॉप के साथ चार्जर, पेन ड्राइव, पर्स भी चोरी हो गया। उन्होंने शिकायत में बताया कि पेन ड्राइव में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील डाटा मौजूद हैं, जिस कारण चोरों का पता लगाना आवश्यक है।
राजेश चौधरी की ओर से सराय रोहिल्ला जीआरपी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसे रेवाड़ी जीआरपी को भेजा गया है। जीआरपी के एसएचओ भूपेंद्र ने बताया कि एफआईआर दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। सब इंस्पेक्टर का अन्य सामान ट्रेन में टीटीई को मिल गया था, परंतु पेन ड्राइव व कुछ अन्य सामान नहीं मिला। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।