गांव की सीमा में खुले ठेके पर लाठी-डंडा लेकर पहुंची महिलाएं तो सेल्समैन भागा
रेवाड़ी। गांव जैतपुर शेखपुर में शनिवार को महिलाओं ने गांव की सीमा में खुले शराब ठेके में आग लगा दी।
इस दौरान महिलाओं ने ठेके में रखीं शराब और बीयर की बोतलें भी तोड़ दीं। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे शराब ठेकेदार ने मामले में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जानकारी अनुसार गांव जैतपुर-शेखपुर में कुछ दिन पहले ही शराब का ठेका खुला है। शनिवार को महिलाएं इस ठेके के विरोध में लाठी-डंडे लेकर पहुंच गईं। महिलाओं के गुस्से को देख सेल्समैन मौके से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद महिलाओं ने शराब ठेके में रखी बोतलें बाहर फेंक दीं और ठेके में आग भी लगा दी। हालांकि आग को ज्यादा भड़कने से पहले गांव के ही कुछ लोगों ने बुझा दिया। सूचना पर शराब ठेकेदार मौके पर पहुंचा और उसने ठेके का लाइसेंस होने और ठेका गलत जगह न होने का हवाला देते हुए कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी दी।
--------------
ठेके पर आग लगने की सूचना पर पुलिस टीम गई थी। लेकिन मामले में कोई लिखित शिकायत
किसी पक्ष की ओर से नहीं दी गई है। -जगदीश चंद्र, थाना प्रभारी, रोहड़ाई थाना