कोसली। नाहड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात लैब टेक्नीशियन के अनुपस्थित रहने से शनिवार को गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्भवती दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं नियमित जांच और आवश्यक परीक्षण कराने के लिए केंद्र पहुंची थीं, लेकिन लैब सेवाएं बाधित रहने से उनकी जांच नहीं हो सकी।
करीब 60 गर्भवती महिलाएं स्वास्थ्य केंद्र में पंजीकरण कराने के बाद अपनी बारी का इंतजार करती रहीं। चिकित्सकीय परामर्श तो दिया गया, लेकिन आवश्यक रक्त एवं अन्य लैब टेस्ट न हो पाने के कारण जांच प्रक्रिया अधूरी रह गई। कई महिलाओं को घंटों इंतजार के बाद बिना जांच कराए ही लौटना पड़ा। इससे दूर-दराज से आई महिलाओं को विशेष असुविधा झेलनी पड़ी।
इस दौरान डॉ. प्रीति यादव और डॉ. योगेन्द्र अपनी-अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहे और उन्होंने मरीजों को परामर्श दिया। हालांकि लैब टेक्नीशियन की अनुपस्थिति के कारण जरूरी परीक्षण संभव नहीं हो सके, जिससे गर्भवती दिवस का उद्देश्य प्रभावित हुआ।