बावल के गांव बिशनपुर में कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने आए एक युवक पर एक युवक ने गोली चला दी। एक गोली उसके पैर में लगी, जबकि दूसरी उसके पास से निकल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बावल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नूहं के गांव कोटा निवासी कृष्ण राठी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ गांव बिशनपुर में एक कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। एक गाड़ी में सवार होकर आए उसके आधा दर्जन साथी खाना खाने के बाद घर जाने के लिए कार्यक्रम से बाहर आए थे। इसी दौरान वहां पहले से खड़े गांव कसौला निवासी एक युवक ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर में लगी। उसके बाद आरोपी ने एक और फायर किया, जिसमें वह बच गया। शोर मचाने के बाद वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कृष्ण की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अभी तक आरोपी का सुराग नहीं लगा सकी है।