रेवाड़ी। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के एक शिष्टमंडल ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम सुरेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समय सिंह प्रधान ने किया।
इस दौरान किसानों ने सरसों की खरीद, मुआवजा और लंबित भुगतानों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। समय सिंह प्रधान ने बताया कि अनाज मंडी में सरसों का निजी खरीद मूल्य 5500 से 5600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है लेकिन सरकारी खरीद में किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने यह भी बताया कि न तो क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है और न ही उन्हें किसी प्रकार का मुआवजा मिला है। इसके साथ ही सरसों की फसल एमएसपी पर भी नहीं बिक पा रही है।
इसके अलावा वर्ष 2023 के बाजरा भावांतर योजना का भुगतान अब तक लंबित है, जिसे जल्द जारी करने की मांग की गई। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में करीब 200 गेट पास कटे थे लेकिन विकल्प (ऑप्शन) उपलब्ध न होने के कारण किसानों के लाखों रुपये फंस गए।
इस पर एसडीएम सुरेश कुमार ने किसानों को आश्वासन दिया कि वे चंडीगढ़ स्तर पर अधिकारियों से बातचीत कर इन सभी समस्याओं का जल्द समाधान करवाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा।
इस मौके पर रोशन लाल दरोगा, राजपाल गुरावड़ा, पूनम कमालपुर, राजकुमार (एससी सेल), राजेंद्र कुमार गेरा, ओपी लोहाणा, जिला महिला प्रधान मुन्नी बूढ़पुर, मनीषा यादव बोडिया कमालपुर, वेद सुल्तानिया सहित अन्य किसान नेता मौजूद रहे।