जोहड़ से लापता युवक का शव निकालते पुलिसकर्मी
- फोटो : Rewari
आपसी रंजिश के चलते दिल्ली के लाडो सराय निवासी युवक का अपहरण करने के बाद हत्या की। इसके बाद अवशेषों को सुठानी के एक जोहड़ में डाल दिया। सोमवार को दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर सुठानी पहुंची और बोरी में बंद अवशेषों को निकाला। गांव में अचानक पुलिस को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शव के अवशेष निकालने के दौरान जोहड़ पर ग्रामीण जमा हो गए।
कसौला थाना पुलिस ने बताया कि 27 जून को लाडो सराय निवासी 19 वर्षीय सूरज लापता हो गया था। साकेत पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर दिल्ली निवासी ईशान व नीमराणा निवासी अमित पुत्र जसवंत को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अमित ने बताया था कि सूरज का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शव को जलाने के बाद अवशेष छुपाने के लिए बोरी में भरकार अवशेषों को सुठानी के जोहड़ में डाल दिया था।
कसौला एसएचओ ने बताया कि टैक्सी स्टैंड पर सूरज के पिता की आरोपियों के साथ किसी बात पर रंजिश चल रही थी। इसी के चलते ही सूरज की हत्या की गई। एसएचओ का कहना है कि सोमवार को दिल्ली की साकेत पुलिस सुठानी गांव आई थी। जोहड़ से बोरी में भरकर छुपाए गए अवशेषों को निकाला गया है।