शहर के कोर्ट परिसर के समीप बावल रोड पर सोमवार दोपहर स्कोर्पियो व बाइक सवार कुछ युवकों ने फिल्मी स्टाइल में कार में बैठी एक युवती का अपहरण कर लिया। युवती के साथ बैठे युवकों ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गई। पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवती को बरामद कर कोर्ट में पेश कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार झज्जर की एक युवती ने गांव मस्तापुुर निवासी एक युवक के साथ प्रेम विवाह किया था, लेकिन कुछ माह बाद दोनों में मनमुटाव हो गया। इसके बाद वह गुरुग्राम के गांव राजावास में अपने ननिहाल में रहने लगी। सोमवार को युवती अपने भाई व अन्य के साथ रेवाड़ी कोर्ट में आई थी। दोपहर 12:30 बजे युवती का भाई कोर्ट में चला गया और युवती व दो अन्य लोगों को कोर्ट के समीप बावल रोड पर गाड़ी में बैठे छोड़ गया। इसी दौरान स्कार्पियो व दो-तीन बाइकों पर सवार होकर आए एक दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंचे तथा युवती को जबरदस्ती उठाकर गाड़ी में डाल दिया। लेकिन वहां मौजूद दोनों युवकों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद आरोपी युवती को अगवा कर वहां से फरार हो गए। इस दौरान भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद माडल टाउन थाना प्रभारी बिजेंद्र, सेक्टर- 3 चौकी प्रभारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को बरामद कर कोर्ट में पेश किया। दिनभर चल इस घटनाक्रम में शहर में काफी चर्चा रही।
मॉडल टाउन थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर में कोर्ट के समीप से युवती के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। युवती को बरामद कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर 164 के बयान करा दिए गए हैं। युवती के ससुराल वालों से आपसी विवाद था। युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।