कोसली। उपमंडल के गांव गुगोढ़ में चोर दो घरों में सेंध लगाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और एक लाख 23 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय दोनों ही परिवार के सदस्य घर में सोए हुए थे, लेकिन उन्हें भनक नहीं लगी। कोसली थाना पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव गुगोढ़ निवासी जयप्रकाश ने कहा है कि दो मार्च की रात को वह अपने कमरे में सोए हुए थे, जबकि उनके माता-पिता घर की बगल में स्थित प्लाट में सोए हुए थे। रात को चोर घर में घुस आए। चोरों ने दूसरे कमरे का ताला तोड़कर गहने और नकदी चोरी कर लिए। इस दौरान चोर अलमारी के अंदर से सोने की चार अंगूठी, दो नोजपिन, एक जोड़ी सोने के टप्स, चांदी की दो जोड़ी पायल, दो अंगूठी, दो जोड़ी झुमकी व 73 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
चोरों ने गांव को गुगोढ़ निवासी रतन सिंह के घर में भी सेंध लगाकर गहने और नकदी चोरी की है। वीरवार की तड़के रतन सिंह उठे कमरों में रखा सामान बिखरा हुआ था। चोर घर से सोने की सात अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र, सोने की कंठी, सोने की चेन, तीन जोड़ी झुमकी, सोने के सात टाप्स, नाक की दो बाली, चांदी की सात जोड़ी पायल, छह सिक्के व छोटे बच्चों के चांदी के गहने के अतिरिक्त 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए। चोर घर में रखा आठ किलो देसी घी भी उठा ले गए।