फोटो : 34घर में बिखरा पड़ा सामान। संवाद
भिवाड़ी। शहर के यूआईटी सेक्टर-7 में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। सुधा के घर चोरों ने सुबह 11:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच सेंधमारी की और करीब 4 लाख रुपये कीमत के नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के दौरान मकान बंद पड़ा था, जिससे चोरों को आसानी से घर में घुसने का मौका मिला।
मकान मालकिन सुधा ने बताया कि वह और उनके पति भिवाड़ी की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। घटना के समय दोनों काम पर गए हुए थे, जबकि उनकी बेटी पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी गई थी। चोरों ने इस मौके का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया और करीब 15 हजार रुपये नकद के साथ-साथ सोने और चांदी के कीमती आभूषण भी चोरी कर लिए।
सुधा ने भिवाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर खाली रहने पर सावधानी बरतें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।