रेवाड़ी। गांव राजपुरा खालसा की बेटी जान्या राव ने ऑल इंडिया आईपीएससी गर्ल्स बैडमिंटन नेशनल टूर्नामेंट में प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। जान्या ने ओवरऑल बेस्ट प्लेयर का खिताब भी अपने नाम किया।
इंदौर के एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में 8 से 11 सितंबर तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न स्कूलों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जान्या ने पूरे टूर्नामेंट में खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें प्रतियोगिता की ओवरऑल बेस्ट प्लेयर चुना गया।
जान्या राव की इस उपलब्धि से गांव राजपुरा खालसा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
जान्या सूबेदार शीशराम यादव की पोती और दिल्ली पुलिस में अधिकारी सतीश यादव की बेटी हैं। सतीश ने कहा कि जान्या ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर परिवार के साथ-साथ क्षेत्र का भी नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।