दुकान पर साड़ी बेचते व्यापारी। संवाद
रेवाड़ी। जिले के बाजार इन दिनों शादी-विवाह के सीजन की रौनक से गुलजार हैं। कपड़ों की दुकानों पर खरीददारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है जिसका सीधा असर साड़ियों और पारंपरिक परिधानों के दामों पर देखने को मिल रहा है।
व्यापारियों के मुताबिक इस बार शादी के मौसम में जयपुरिया और राजस्थानी साड़ियों की मांग सबसे अधिक बनी हुई है जिसके चलते उनके रेट में भी वृद्धि दर्ज की गई है। बाजार में उपलब्ध जयपुरी प्रिंट, बांधनी, गोटा-पत्ती व लेहरिया, डिजाइन वाली साड़ियों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक है।
पहले जो साड़ियां 800 से 1200 रुपये तक आसानी से उपलब्ध हो जाती थीं, अब वही 1200 से 1800 रुपये तक बिक रही हैं। कुछ प्रीमियम डिजाइन वाले पीस 2,500 रुपये से ऊपर तक पहुंच गए हैं।
दुकानदार रोहित यादव व अमन का कहना है कि बढ़ती डिमांड और सीमित स्टॉक के कारण कीमतों में यह उछाल देखने को मिल रहा है। शादियों के मेल से हर बार बिक्री बढ़ती है लेकिन इस बार बढ़ोतरी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। खासकर गोटा-पत्ती व कढ़ाईदार साड़ियों में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है। इनके दामों में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
साड़ियों में जयपुरिया और जॉर्जेट की मांग
इस बार साड़ियों की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। कपड़ा दुकानदार महेश व राकेश सैनी का कहना है कि जॉर्जेट और सिल्क साड़ियां सबसे ज्यादा बिक रही हैं। हल्के वजन की जॉर्जेट साड़ियां पसंद बनी हुई हैं जबकि जयपुरिया और सिल्क साड़ियों को बड़ी उम्र की महिलाएं ज्यादा पसंद कर रही हैं। विशेष रूप से रेड और मैजेंटा कलर की जयपुरिया साड़ियां इस बार बाजार में खूब चल रही हैं।