रेवाड़ी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले के लिए पहली मेरिट सूची जारी हो चुकी है। इसमें चयनित विद्यार्थियों को मंगलवार तक संबंधित आईटीआई में अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। बुधवार तक निर्धारित फीस जमा कर अपनी सीट सुरक्षित करानी होगी।
निर्धारित समय सीमा में फीस जमा नहीं करने वाले विद्यार्थियों का दाखिला स्वत: निरस्त माना जाएगा। इसके बाद 23 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। दूसरी मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया 23 से 26 जुलाई तक चलेगी।
28 जुलाई को संस्थान स्तर पर रिक्त सीटों का सत्यापन किया जाएगा। इसके उपरांत 3 से 5 अगस्त तक संस्थान स्तर पर ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया संचालित होगी। 7 अगस्त को रिक्त सीटों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
इसके बाद 7 से 11 अगस्त तक ऑनलाइन प्रवेश के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा 12 अगस्त को सीटों का आवंटन किया जाएगा। ऑनलाइन आवंटित सीटों के लिए 14 से 16 अगस्त तक दस्तावेजों का सत्यापन होगा।
18 अगस्त को संस्थान स्तर पर सीटों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 18 से 21 अगस्त तक भौतिक काउंसिलिंग के माध्यम से रिक्त सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। आईटीआई प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों का पालन करते हुए समय पर दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा कराने की अपील की है।
महिला आईटीआई में 259 सीटों पर होंगे प्रवेश
शहर स्थित महिला आईटीआई और बाल आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों में विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित समय में दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा करानी होगी। शहर स्थित महिला आईटीआई में कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड में 12 सीटें, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक में 10, सिलाई टेक्नोलॉजी में 9, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) में 14, ड्रेस मेकिंग में 11, ड्राफ्ट्समैन सिविल में 6, स्टेनोग्राफी (एसओटी) में 2 और इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में 13 सीटें आवंटित की गई हैं।
बाल आईटीआई में कुल 259 सीटों पर होगा दाखिला
शहर स्थित बाल आईटीआई में कुल 259 सीटों पर दाखिला प्रक्रिया होगी। इसमें इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में सबसे अधिक 38 सीटें निर्धारित की गई हैं। रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग ट्रेड में 31, प्लंबर में 24, वेल्डर में 20, टीपीईएस में 20, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) में 16 और मैकेनिक मोटर व्हीकल (एमएमवी) में 15 सीटें हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक में 14, मशीनिस्ट में 12, फिटर में 12, सोलर टेक्नीशियन में 12, वायरमैन में 12, पेंटर जनरल में 10, टर्नर में 9, टूल एंड डाई में 7, शीट मेटल में 3 और हाउसकीपर ट्रेड में 1 सीट निर्धारित की गई है
वर्जन :
चयनित विद्यार्थी निर्धारित तिथि के भीतर आईटीआई में पहुंचकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराएं और फीस जमा करें। ऐसा नहीं करने पर उनकी सीट अगले चरण में अन्य पात्र अभ्यर्थियों को आवंटित कर दी जाएगी।– सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रेवाड़ी।