कार्यक्रम में जानकारी लेती महिलाएं। स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। नारायणपुर ग्राम के विद्यालय में माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डायट की संसाधन इकाई की ओर से प्राचार्य प्रदीप कुमार दहिया की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं, छात्राओं और आशा वर्करों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित सैनिटरी पैड के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरपंच मुनेश देवी द्वारा गांव में मुनादी करवाकर की गई ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और किशोरियां इसमें भाग ले सकें। विंग प्रभारी डॉ. सरोज यादव ने मासिक धर्म से जुड़े अंधविश्वासों को दूर करने और इसे सामान्य शारीरिक प्रक्रिया के रूप में स्वीकार करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि माहवारी के दौरान साफ-सफाई रखना बेहद जरूरी है। गंदे कपड़ों के इस्तेमाल से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए सुरक्षित सैनिटरी पैड का उपयोग करना चाहिए। प्राध्यापिका सुदेश कुमारी ने महिलाओं को बेहतर जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। वहीं रितु यादव ने पीरियड्स के दौरान होने वाले पेट दर्द, कमजोरी और मूड स्विंग जैसी समस्याओं से बचाव के उपाय बताए।
प्राध्यापिका बबीता ने गर्भाशय कैंसर के प्रति जागरूक किया जबकि डॉ. संगीता ने महिलाओं को योग के महत्व के बारे में बताया और योगा टिप्स साझा किए। अंत में सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश ने डायट परिवार के सभी सदस्यों का आभार जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. बीर सिंह, डॉ. विजय सिंह, डॉ. रामफल, मंजू बाला, बबीता, सुदेश कुमारी, डॉ. संगीता, रितु, निशा इंद्र और प्रवीण ने विशेष योगदान दिया।