फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चेन झपटने के मामले की जांच कर रही पुलिस से महज 100 मीटर दूर खड़ी बाइक को उठा ले गए चोर, नहीं लगी भनक

विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। जिले में बेखौफ बाइकर्स गैंग का आतंक बढ़ता जा रहा है। एक ही दिन में तीन महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग की वारदात और तीन बाइक चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार को सुबह के समय बाइकर्स गैंग धारूहेड़ा सेक्टर-4 में बाजार जाती महिला की चेन छीनकर फरार हो जाते हैं, इसके बाद शहर के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के कालाका रोड स्थित महावीर नगर में मंदिर जाती महिला के गले से बदमाश चेन छीन लेते हैं। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे शहर के सबसे व्यस्तम महाराणा प्रताप चौक के पास मॉडल टाउन में रेहड़ी से फल खरीद रही महिला की चेन छीनने का प्रयास किया जाता है। यहां पर गनीमत रही कि बदमाश के हाथों चेन नहीं लग सकी। मॉडल टाउन में वारदात के बाद मौके पर मॉडल टाउन थाना प्रभारी, डीएसपी व सीआईए सहित भारी पुलिस बल पहुंचकर वारदात स्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हैं, लेकिन इसी दौरान वारदात स्थल से महज 100 मीटर दूरी से चोर एक अस्पताल के सामने से बाइक चोरी कर चलते बनते हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि या तो पुलिस सुस्त है या फिर चोर शातिर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि चेन स्नैचिंग की वारदात में तीनों स्थानों पर पल्सर बाइक दिखाई दी है।
विज्ञापन

बिठवाना निवासी परिवार जा रहा था जयपुर, फल खरीदने रुके थे
बिठवाना निवासी महिला शनिवार को अपने बेटे व बहू के साथ कार में सवार होकर बाजार आई थी। वह महाराणा प्रताप चौक पर रेहड़ियों से फल खरीद रही थी। जबकि उसका बेटा कार में ही बैठा हुआ था। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने महिला के गले से चेन छीनने का प्रयास किया, लेकिन वे चेन को तोड़ नहीं पाए। शोर मचाने पर महिला के बेटे ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे फरार हो गए। बता दें कि बिठवाना निवासी परिवार जयपुर में रहता था। शनिवार को भी शहर में किसी काम से आया था। फल खरीदने के बाद परिवार को जयपुर के लिए निकलना था।
पुलिस खंगालती रही फुटेज
महिला की चेन स्नैचिंग के मामले में डीएसपी अमित भाटिया , एसएचओ बिजेंद्र कुमार, सेक्टर 3 चौकी इंचार्ज बालवती व अन्य पुलिसकर्मी जांच में जुटे हुए थे। पुलिस अधिकारी आसपास के दुकानों व अस्पतालों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे थे। इसी दौरान महज सौ मीटर केके नागर अस्पताल में दवाई लेने आए नीमराना निवासी योगेश की बाइक को अस्पताल के बाहर से चोर पार कर ले गए। जबकि मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल को इसकी भनक तक भी नहीं लगी।
विज्ञापन

धारूहेड़ा में भी पल्सर बाइकर्स ने दिया वारदात को अंजाम
धारूहेड़ा के सेक्टर 4 में किराये के मकान में रहने वाले बिरोसता घर का सामान लेने के लिए बाजार जा रही थी। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसके गले से चेन को छीन लिया। महिला द्वारा शोर मचाने पर बदमाश वहां से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक महीने में 80 से अधिक बाइक चोरी
जिले में बाइकर्स गैंग का आतंक बढ़ता जा रहा है। गैंग द्वारा पिछले एक माह के दौरान जिला के अलग-अलग स्थानों से 10 से अधिक चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। इसके अलावा 80 से अधिक बाइक चोरी हो चुकी हैं।
खास बात यह है कि गैंग के सदस्यों ने कोर्ट, प्राइवेट अस्पताल व औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों के आसपास खड़ी बाइकों को निशाना बनाया है। हालांकि पुलिस ने बाइक चोरी करने के कुछ आरोपियों को काबू भी किया है, लेकिन गिरोह के सरगना तक नहीं पहुंच पाई है। जिला में सबसे ज्यादा बाइक चोरी की वारदात घटनाएं मॉडल टाउन, सिटी थाना, कसौला व बावल थाना क्षेत्र में हो रही है। जिला में रोजाना औसतन 3 बाइक चोरी हो रही है, जिससे पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें