संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों और अध्यापकों को स्कूल में अनिवार्य रूप से टैबलेट लाने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ दिनों पहले ही टैबलेट का लाॅक तोड़ने को लेकर विद्यार्थियों की काउंसिलिंग कराने के आदेश जारी किए गए थे।
अब शिक्षा निदेशालय की तरफ से टैबलेट लेकर आने को आवश्यक कर दिया गया है। यह आदेश इसलिए दिए गए हैं ताकि जो टैबलेट विद्यार्थियों को मिले हैं, उसका इस्तेमाल ठीक रूप से हो पाए। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि टैबलेट का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इसे देखते हुए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों को रोजाना टैबलेट का प्रयोग करना अनिवार्य कर दिया है। इसको लेकर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं। निर्देशों की पालना की जा रही है या नहीं, विभाग इसकी भी मॉनिटरिंग करेगा।
शिक्षा विभाग की तरफ से ई-लर्निंग योजना के तहत राजकीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों को टैबलेट बांटे गए हैं। विभाग के संज्ञान में आया है कि स्कूलों में शिक्षकों व विद्यार्थियों को दिए गए टैबलेट का सही प्रकार से संचालन नहीं किया जा रहा। जिस पर विभाग ने सख्ती बरतते हुए सभी प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वह सुनिश्चित करें कि सभी विद्यार्थी स्कूल में टैबलेट लेकर आएं। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि विद्यार्थी कक्षा में और घर पर सीखने के लिए टैबलेट का प्रयोग करें। इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी।
वर्जन:
निदेशालय की तरफ से जो भी आदेश आते हैं उसके नियम ने उसकी पालना की जाती है। शिक्षकों व विद्यार्थियों को रोजाना टैबलेट लेकर आना जरूरी है। ताकि टैबलेट का सही उपयोग हो सके। इसकी मॉनिटरिंग फिलहाल की जा रही है। -कपिल पूनिया, जिला शिक्षा अधिकारी रेवाड़ी।