रेवाड़ी। एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को राजकीय प्राथमिक पाठशाला गढ़ी और राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल गढ़ी बोलनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्कूलों में सफाई व्यवस्था, मिड-डे मील, पेयजल, शौचालयों व अन्य व्यवस्था की जांच की और अध्यापकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय का हाजिरी रजिस्टर चेक किया और शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिया।
विज्ञापन
उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच की और निर्देश दिया कि बच्चों को को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन दिया जाए। इस मौके पर उन्होंने कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से विषय संबंधित प्रश्न भी पूछे। इस दौरान विद्यालयों में चलाई जा रही गतिविधियों के बारे में जानकारी ली और विद्यालयों में बिखरे सामान व परिसर की साफ सफाई भी करवाई।
एसडीएम ने विद्यालय में शिक्षकों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने के लिए विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी शैक्षणिक स्थिति को परखा। उन्होंने अध्यापकों को निर्देश दिया कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं, ताकि छात्र एक बेहतर शिक्षण वातावरण में अध्ययन कर सकें। उन्होंने अध्यापकों को कहा कि छात्रों के पढ़ाई का स्तर ऊंचा करने के लिए बच्चों के साथ कड़ी मेहनत करें। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को यह भी आश्वासन दिया कि आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।