संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में डीसी अभिषेक मीणा ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में रेवाड़ी शहर की नई आबादी स्थित गली नंबर एक में सड़क टूटने और सीवरेज की सफाई नहीं होने की शिकायत पर डीसी ने नगर परिषद के अधिकारियों को सड़क ठीक कराने और सीवरेज लाइन की सफाई के निर्देश दिए। गांव गोठड़ा टप्पा डहीना में नाली निर्माण की शिकायत पर बीडीपीओ डहीना को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
गांव अहरोद में रास्ते के बीच बिजली का खंभा होने की शिकायत पर डीएचबीवीएन के अधिकारियों को खंभा शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। वहीं, गांव बिहारीपुर में प्लॉट पर अवैध कब्जे की शिकायत पर बीडीपीओ जाटूसाना को जांच कर कब्जा हटवाने के लिए कहा गया।
शिविर में परिवार पहचान पत्र, पेंशन, अवैध कब्जे, बिजली और पुलिस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी आईं। इनमें से कई का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि लंबित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसपी हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम दलबीर सिंह, सीटीएम जितेंद्र कुमार, डीएसपी संजीव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।