लघु सचिवालय में शिकायत लेकर पहुंचे लोग। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। लघु सचिवालय सभागार में आयोजित किए गए समाधान शिविर में एसडीएम सुरेश कुमार व नगराधीश जितेंद्र कुमार ने आम जनता की शिकायतें सुनीं।
समाधान शिविर में गांव खरखड़ा निवासी बीर सिंह ने शिकायत रखी कि उसकी पीएम किसान सम्मान निधि की राशि अभी तक नहीं मिली है जिस पर एसडीएम ने कहा कि जिन किसानों की एग्रीस्टैक आईडी बन चुकी है, उन्हीं को यह सम्मान निधि की राशि मिलेगी। इसलिए सभी किसान एग्री स्टैक आईडी को जल्दी से जल्दी बनवा लें।
गांव रामपुरा के सरपंच नरेश कुमार ने बताया कि जगमग फिरनी स्कीम के तहत लगाई गई लाइटें खराब होने के कारण यहां रात के समय अंधेरा छाया रहता है जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। एसडीएम ने पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता को लाइटें ठीक करवाने के निर्देश दिए हैं।
समाधान शिविर में नई आबादी मोहल्ला के निवासी फूल सिंह ने बताया कि गली में अवैध कब्जे होने के कारण आम रास्ता संकीर्ण हो गया है। एसडीएम ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को अवैध कब्जे हटवाने के निर्देश दिए।