फोटो : 1फसल गिरदावरी का निरीक्षण करते डीसी अभिषेक मीणा साथ में अन्य अधिकारी। स्रोत : डीपीआरओ
रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने शनिवार को गांव देवलावास, कमालपुर, निखरी, मांमड़िया, ठेठर आदि गांवों में खरीफ की फसलों की गिरदावरी का निरीक्षण किया।
डीसी ने राजस्व विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि फसलों की गिरदावरी में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गिरदावरी खेती से जुड़ी एक अहम प्रक्रिया है जो साल में दो बार रबी और खरीफ की फसल के दौरान की जाती है।
गिरदावरी का कार्य पटवारी की ओर से किया जाता है। इसमें फसल से संबंधित जानकारी को राजस्व विभाग में दर्ज किया जाता है। कितने रकबे में कितनी और कौन सी फसल की बुआई की गई है, यह जानकारी पटवारी अपने क्षेत्र के किसानों के पास जाकर एकत्रित करते हैं और गिरदावरी रिपोर्ट तैयार करते हैं।
सरकार की ओर से पटवारियों को टैबलेट उपलब्ध करवाए गए हैं और पटवारी मौके पर जाकर टैबलेट से गिरदावरी का कार्य करके डाटा एकत्रित करते हैं। इस दौरान एसीयूटी रूहानी, डीआरओ प्रदीप देशवाल सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।