रेवाड़ी। लघु और सूक्ष्म उद्योग इकाई केंद्र की तरफ से राजकीय पॉलिटेक्निक लिसाना में बुधवार को उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एमएसएमई विभाग, बैंकिंग तथा पीएफ विभाग के अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं और पीएफ संबंधित जानकारी दी।
एमएसएमई डीएफओ करनाल के सहायक निदेशक केसी मीणा ने बताया कि एमएसएमई योजनाओं, उद्यम स्थापित करने के अवसरों तथा सरकारी सहायता तंत्र के बारे में जानकारी दी। अग्रणी जिला प्रबंधक राजीव रंजन ने ऋण अनुमोदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, एमएसएई लोन प्रक्रियाएं एवं बैंकों की भूमिका के बारे में अवगत कराया। पीएफ विभाग गुरुग्राम के अभिलाष ने पीएफ से संबंधित प्रावधानों, पंजीकरण प्रक्रिया तथा कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं के दायित्वों पर विस्तार से जानकारी दी।
एमएसएमई केन्द्र रेवाड़ी के औद्योगिक प्रसार अधिकारी करण सिंह पीएमएफएमई योजना, पीएमईजीपी योजना तथा हरियाणा सरकार की लघु एवं सूक्ष्म उद्योग योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये योजनाएं युवाओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप तथा सूक्ष्म उद्योग स्थापित करने में मदद करती हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, बैंकिंग प्रक्रियाओं एवं पीएफ से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरलता से जवाब देते हुए उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।