रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग की ओर से गेट और जैम 2027 परीक्षाओं को लेकर मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जागरूक करना और तैयारी की रणनीति बताना था। इसमें करीब 200 से 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने कहा कि गेट के माध्यम से उच्च शिक्षा, शोध और तकनीकी विशेषज्ञता के साथ कॅरिअर के विभिन्न अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, मूलभूत अवधारणाओं की समझ, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास के साथ तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में आईआईटी रुड़की के गणित विभाग से प्रो. उदय सिंह और प्रो. अमेया कुमार नायक ने आमंत्रित वक्ता के रूप में मार्गदर्शन दिया। प्रो. उदय सिंह ने जैम के पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न और अध्ययन रणनीति की जानकारी दी। प्रो. अमेया कुमार नायक ने गेट की तैयारी, मॉक टेस्ट, समय प्रबंधन और विषयवार अध्ययन पद्धति समझाई। उन्होंने बताया कि गेट का आयोजन आईआईटी मद्रास की ओर से फरवरी 2027 में किया जाएगा।
कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए तैयार करने में सहायक हैं। डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुनील कुमार ने भी विचार रखे। विभागाध्यक्ष प्रो. सतेन्द्रबल गुप्ता के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित हुआ।