-डीएलएसए की ओर से गांव रामपुरा व रेलवे स्टेशन क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया गया
रेवाड़ी। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) के तत्वावधान में गांव रामपुरा व रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक और अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभाव बताते हुए नशा पीड़ितों के अधिकार, निशुल्क विधिक सहायता, और पुनर्वास के लिए जानकारी प्रदान की गई।
प्राधिकरण के सचिव अमित वर्मा ने बताया कि नशा मुक्त भारत का निर्माण एवं स्वास्थ्य मार्गदर्शन योजना-2025 के तहत प्राधिकरण की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के तहत पैनल अधिवक्ता एवं पैरा-लीगल वाॅलंटियर्स ने रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया।
वर्मा ने बताया कि नालसा के हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति तत्काल निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इन दोनों कार्यक्रमों में नालसा पोर्टल, बाल अनुकूल विधिक सेवाएं एवं संरक्षण योजना- 2024, मादक पदार्थों के दुरुपयोग पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं और नशा उन्मूलन योजना- 2015 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यह पहल समाज में न्याय तक सुलभ पहुंच, कानूनी जागरूकता एवं नशा मुक्त भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक प्रयास है।