रेवाड़ी। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित 58वीं मिस्टर एशिया बॉडी बिल्डिंग एवं फिजिक स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारत के मणिपुर निवासी ऋषिकांता सिंह लायटोनजाम ने बॉडी बिल्डिंग वर्ग में ओवरऑल मिस्टर एशिया 2026 का खिताब हासिल किया। यह जानकारी एशियन बॉडी बिल्डिंग एवं फिजिक स्पोर्ट्स फेडरेशन के महानिदेशक अमित स्वामी ने दी।
प्रतियोगिता का आयोजन थाईलैंड बॉडी बिल्डिंग एवं फिजीक स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से एबीबीएफ के अध्यक्ष द्योतक पाल चुआ के सानिध्य में किया गया। इसमें एशिया के विभिन्न देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। मैन्स एथलेटिक फिजिक में मलेशिया के अब्दुल अजीज बिल अहमद, मैन्स स्पोर्ट्स फिजिक में पाकिस्तान के बिलाल अहमद और वुमन्स मॉडल फिजीक में हांगकांग-चाइना की टो सुयत यान ने ओवरऑल खिताब जीता।
मोस्ट इंप्रूव्ड एथलीट का खिताब अफगानिस्तान के नायब मोबारेज और बेस्ट पोजर का पुरस्कार म्यांमार के हेन जो लिन ने जीता। वुमन्स टीम चैंपियनशिप में थाईलैंड प्रथम, वियतनाम द्वितीय और मंगोलिया तृतीय रहा। मैन्स टीम चैंपियनशिप में थाईलैंड प्रथम, वियतनाम द्वितीय और भारत तीसरे स्थान पर रहा।
ओवरऑल मिस्टर एशिया विजेता ऋषिकांता सिंह को 4 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं अन्य ओवरऑल विजेताओं को 1 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।