रेवाड़ी। जिले के राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए अक्तूबर का मिड-डे मील मेन्यू जारी कर दिया गया है। नए मेन्यू में विद्यार्थियों को अलग-अलग दिन पौष्टिक और विविध प्रकार के व्यंजन परोसे जाएंगे। वीरवार से विद्यार्थियों को नए मेन्यू के अनुसार भोजन मिलना शुरू होगा।
इसमें कड़ी-पकौड़ा व चावल, मिलेट परांठा-दही, सोया खिचड़ी, मीठा दलिया, चावल-सफेद चना, चना दाल खिचड़ी और मिक्स परांठा-दही शामिल किए गए हैं। मध्य माह में भी भोजन में बदलाव देखने को मिलेगा। विद्यार्थियों को दाल-चावल, रोटी-मूंग मसूर दाल, मौसमी सब्जी, मीठी मूंगफली चावल और नमकीन दलिया परोसा जाएगा।
इसके अलावा गेहूं-रागी का पूड़ा, सब्जी पुलाव-काला चना, राजमा-चावल, गुड़ रोटी-दही और मिलेट परांठा-दही भी मेन्यू का हिस्सा हैं। निर्धारित मेन्यू के अनुसार विद्यार्थियों के भोजन में फल और दूध को भी शामिल किया गया है। जिले में मिड-डे मील योजना के तहत कुल 638 केंद्र संचालित हैं।
इन केंद्रों पर राजकीय विद्यालयों में पहली से आठवीं कक्षा तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले बच्चों को विद्यालय में पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।
भोजन में अलग-अलग खाद्य पदार्थ शामिल किए जाने से विद्यार्थियों को आवश्यक पोषक तत्व मिल सकें और उनके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा सके।
वर्जन :
राजकीय कक्षा के 8वीं तक की पढ़ाई करने वाले छात्रों को दोपहर के समय स्कूल में मिलने वाले भोजन के मेन्यू की नई सूची जारी कर दी गई हैं। अब इसी मेन्यू के हिसाब से विद्यालयों में भोजन परोसा जाएगा।-अली अहमद, जिला इंचार्ज, मिड-डे मील