खट्टर सरकार नहीं खटारा सरकार है हर कार्यकर्ता ओमप्रकाश चौटाला बनकर कार्य करें, बेटी बचाओ का नारा मोदी सरकार से पहले चौटाला सरकार ने दिया। ये बातें इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने सोमवार को धारूहेड़ा चुंगी स्थित गोयल धर्मशाला में इनसो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं। सोमवार को वे आगामी 5 अगस्त को कुरुक्षेत्र में मनाए जाने वाले इनसो स्थापना दिवस का निमंत्रण देने व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने रेवाड़ी पहुंचे थे। रेवाड़ी आगमन पर इनसो कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं ने स्थापना दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एक नई जन क्रांति की शुरुआत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन को अब और मजबूत करने का समय आ गया है। आज ओमप्रकाश चौटाला व इनसो स्थापक अजय चौटाला बेशक उनसे दूर हैं लेकिन संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता में वे उनकी छवि को देखते हैं। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को ओमप्रकाश चौटाला बनकर काम करने की बात कही और वादा किया कि वे युवाओं के अधिकारों के लिए जिंदगी भर लड़ते रहेंगे और आने वाले समय में संगठन का विशाल रूप निर्मित करेंगे। इस मौके पर इनसो प्रदेश प्रभारी रणधीर सिंह चिक्का, जिला अध्यक्ष कैलाश राव, इनेलो जिला प्रधान राजपाल यादव, प्रदेश महासचिव राजबीर यादव, जिला उपप्रमुख जगफूल, रामकिशन छिल्लर, सतेंद्र झाबुआ, अमित कुमार सहित अनेक इनसो कार्यकर्ता मौजूद थे।
छात्र संघ चुनाव का उठा मुद्दा
कार्यक्रम में दिग्विजय चौटाला ने छात्र संघ चुनाव को लेकर कहा कि सरकार ने ये चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से कराने का प्रावधान किया है। इससे साफ जाहिर होता है कि बीजेपी सरकार एबीवीपी, आरएसएस जैसे संगठनो को चुनाव में अप्रत्यक्ष रूप से जिताना चाहती है। उन्होंने दावा किया आगामी 5 सितंबर के आसपास होने वाले चुनाव में निश्चित रूप से प्रदेशभर में 90 प्रतिशत सीटों पर जीत इनसो की होगी। वहीं छात्र संघ चुनाव की तैयारी के लिए उन्होंने इनसो पदाधिकारियों को अधिक से अधिक युवाओं को अपने साथ जोडने का आह्वान किया है।
हुड्डा ने किया क्षेत्रवाद
कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए दिग्विजय चौटाला बोले कि भूपेंद्र सिंह हुडा ने अपने राज में क्षेत्रवाद के अलावा कुछ नहीं किया। इसी के चलते आज प्रांत का युवा कांग्रेस व बीजेपी से मुंह मोड़ रहा है। इनेलो पार्टी ने सदैव छत्तीस बिरादरी के हर वर्ग के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है। इसी का परिणाम है कि आज इनसो में युवा अधिक संख्या में जुड़ रहे हैं।
खट्टर सरकार नहीं खटारा सरकार है
दूसरी ओर सत्तारूढ़ सरकार पर भी निशाना साधते हुए दिग्विजय चौटाला बोले कि खट्टर सरकार ने प्रांत की स्थिति खटारा बना दी है। जब से बीजेपी सत्ता में आई है, तब से प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी बढ़ी है। मजदूर, शिक्षक, विभाग कर्मचारी से लेकर आम युवा तक सरकार की निराधार नीतियों से तंग आ चुके हैं।