रेवाड़ी। दीपावली को लेकर बाजार गुलजार हो गए हैं। दीपोत्सव पर घरों को रोशन करने के लिए एलईडी झालरों, साउंड सेंसर लाइट्स, स्मार्ट लाइट्स, लाइट वाले झूमर और झरने वाली लाइट्स की बिक्री हो रही है। इसके अलावा लोग मिट्टी के डिजाइनर दीये और सजावटी वस्तु खरीद रहे हैं। ऐसे में बेहतर कारोबार को लेकर व्यापारी काफी उत्साहित हैं।
दुकानदार विजय यादव, जतिन शर्मा ने बताया कि चाइनीज डेकोरेटिव की जगह स्वदेशी उत्पादों ने बाजार में धूम मचा रखी है। लाइट वाले दीये, रंग बिरंगी एलईडी लाइटों, स्टार लाइट्स, फेयरी लाइट्स और मल्टीकलर स्ट्रिंग लाइट्स की मांग में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। ये दीये 20 रुपये से लेकर 200 रुपये तक के हैं, जबकि एलईडी रंग बिरंगी लाइटें 100 रुपए से 1500 रुपये की रेंज में उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी दीवाली की बिक्री जोरों पर है लेकिन ग्राहक इस बार ऑफलाइन शॉपिंग को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। स्थानीय दुकानों से खरीदारी में सामान की गुणवत्ता को परखने का मौका मिलता है और साथ ही वोकल फॉर लोकल की भावना को बल मिलता है।
यही वजह है कि इस बार स्वदेशी उत्पादों ने बाजार में नई जान फूंक दी है, और रेवाड़ी का बाजार दीवाली की चमक से जगमगा उठा है। इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद जताई गई है।
स्वदेशी और विदेशी दोनों तरह की लाइट्स शामिल
बाजार में स्मार्ट लाइट्स, जो रिमोट से नियंत्रित हो सकती हैं, और सादी लेकिन आकर्षक एलईडी झालर सबसे ज्यादा बिक रही हैं। इनकी कीमत 50 रुपये से लेकर 2 हजार रुपये तक है, जिसमें स्वदेशी और विदेशी दोनों तरह की लाइट्स शामिल हैं। रंग-बिरंगे सजावटी सामान, चमचमाती लाइट्स और ग्राहकों की चहल-पहल ने शहर को त्योहारी रंग में रंग दिया है। अब जबकि दीवाली में एक हफ्ते से भी कम समय बचा है। दीवाली को अपने घरों को रोशन करने के लिए लाइट व झालर खरीदने के लिए सुबह से देर रात तक लोगों की भीड़ खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ रही है। इस बार पिछले साल की अपेक्षा स्वदेशी माल की डिमांड ज्यादा हो रही है। इस बार दीवाली 20 अक्टूबर को धूमधाम से मनाई जाएगी, और पंच पर्व की शुरुआत 18 अक्टूबर को धनतेरस के साथ होगी।