सर्कुलर रोड पर घूम रहे पशु। संवाद
रेवाड़ी। शहर की सड़कों पर पशुओं का जमावड़ा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और रात में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने बेसहारा पशुओं को पकड़ने की मांग की है।
सेक्टर-1 निवासी अनिल कुमार ने बताया कि सर्कुलर रोड पर रात के समय आवारा पशुओं का बड़ा जमावड़ा लग जाता है, जिससे वाहन चालकों को रास्ता पार करने में दिक्कत होती है और हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।भाड़ावास मार्ग निवासी राहुल यादव ने बताया कि इस मार्ग पर भी आवारा पशु अक्सर सड़कों पर बैठे रहते हैं या झुंड बनाकर खड़े हो जाते हैं, जिससे रात के समय निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहन अचानक पशुओं के सामने आ जाने से हादसे होते-होते बचे हैं।
लोगों ने नगर परिषद और प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को सड़कों से हटाने के लिए ठोस अभियान चलाया जाए और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए।