रेवाड़ी। भिवाड़ी बाईपास पर स्थित राजवंशिका होम्स सोसायटी में एक निवासी पर सोसाइटी के कई लोगों द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया और उनका मोबाइल छीन लिया गया। पीड़ित ने भिवाड़ी एसपी को शिकायत देकर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वंशिका होम्स सोसायटी निवासी पीड़ित राकेश ने अपनी लिखित शिकायत में बताया है कि घटना 3 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। दीपक गुर्जर निवासी मिलकपुर गुर्जर उनके फ्लैट पर आया और उन्हें कम्युनिटी हॉल में ले गया।
वहां सोसाइटी निवासी अनिल चौहान, अविनाश शर्मा, महेश चौधरी, सवदेश पाठक, रोहित खिजुरीवास, कृष्ण गुर्जर सहित 30-40 अन्य लोग मौजूद थे।
शिकायत में आरोप है कि अनिल चौहान ने जान से मारने के इरादे से डंडे से सिर पर वार किया, जिससे सिर फट गया और खून बहने लगा। महेश चौधरी ने बाएं हाथ की बाजू पर डंडे से वार किया तथा सवदेश पाठक ने दाईं आंख के पास चोट पहुंचाई। अन्य लोगों ने लात-घूसों से मारपीट की।
दीपक गुर्जर ने पीड़ित का मोबाइल छीन लिया, जो अभी भी उन्हीं के पास बताया गया है। अविनाश शर्मा ने घर जाकर पीड़ित व उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं।
पीड़ित राकेश ने चोटों का मेडिकल मुआयना कराने तथा आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपियों को आपराधिक प्रवृत्ति का बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।