कोसली में नाथूला टाइगर ब्रिगेडियर राय सिंह यादव के शौर्य स्थल का उद्घाटन करते। स्रोत : ग्रामीण
कोसली। कोसली में शुक्रवार को महावीर चक्र विजेता ब्रिगेडियर राय सिंह यादव के शौर्य स्थल का उद्घाटन और प्रतिमा का अनावरण किया गया। सैन्य परंपराओं के अनुरूप आयोजित समारोह में सेना की सशस्त्र टुकड़ी ने सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी। सेना के बैंड और बिगुल की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हो गया।
ब्रिगेडियर राय सिंह यादव ‘नाथूला टाइगर’ के नाम से प्रसिद्ध थे। नाथूला संघर्ष के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस और नेतृत्व का परिचय देते हुए दुश्मन के सामने अडिग रहकर देश की रक्षा की। बताया गया कि उन्हें 28 गोलियां लगने के बाद भी उनका हौसला नहीं टूटा। उनके शौर्य और नेतृत्व के लिए उन्हें भारत के दूसरे सर्वोच्च वीरता पुरस्कार महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
समारोह में लेफ्टिनेंट जनरल सुनील यादव, लेफ्टिनेंट जनरल सतबीर सिंह यादव, ब्रिगेडियर करतार सिंह, विंग कमांडर सुरेंद्र सिंह, कर्नल सुधीर यादव, कर्नल सतेंद्र यादव, कैप्टन करतार सिंह सहित कई सैन्य अधिकारी और पूर्व सैनिक मौजूद रहे। 2 ग्रेनेडियर्स यूनिट से कर्नल प्रणय श्रीवास्तव, कर्नल अवनीत और कर्नल सोहन लाल भी शामिल हुए।
एसडीएम विजय कुमार यादव, डीएसपी विद्यानंद, कैप्टन सुभाष यादव एडवोकेट, सरपंच रामकिशन जांगड़ा, संजय यादव और सूबे महेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। परिवार की ओर से उनके भाई, पुत्र धर्म सिंह यादव, पुत्रवधू और पौत्री चेष्टा यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।