डहीना(रेवाड़ी)। हरियाणा के उद्योग, वाणिज्य, वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह गांव कंवाली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अपने दादा व अहीरवाल के प्रथम विधायक बाबू राव मोहर सिंह की स्मृति में 10 लाख की राशि से नवनिर्मित मुख्य द्वार का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह ने कहा कि जाटूसाना की जनता का एहसान कई जन्मों तक नहीं उतारा जा सकता। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1987 के चुनाव में उन्होंने उस व्यक्ति को हराया जिनकी तूती बोलती थी। उनका इशारा केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की ओर था।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले पक्षपात की नीतियों के कारण दक्षिण हरियाणा रोजगार व विकास के मामले में पिछड़ रहा था। अब मौजूदा सरकार ने इस क्षेत्र की सुध ली है जिस कारण यहां लॉजिस्टिक हब, एम्स, मेडिकल कॉलेज, नए राजमार्ग, हाईवे, अस्पताल, स्कूल और काॅलेज आदि का निर्माण हो रहा है।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 1987 में 26 साल की आयु में तत्कालीन जाटूसाना हलके के लोगों ने उन्हें केवल बाबू मोहर सिंह का पोता होने के कारण जीत दिलाकर विधानसभा में भेजा था जिसका एहसान वह कभी नहीं चुका पाएंगे। मंत्री ने प्राचार्य के अनुरोध पर राजकीय विद्यालय को 21 लाख रुपये की ग्रांट देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय में पौधा लगाया व राव मोहर सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
छात्राओं ने लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने नेशनल हॉकी खिलाड़ी व राजकीय विद्यालय गांव कंवाली की छात्रा ज्योतिका व पिंकी को सम्मानित किया। उन्होंने दो पुस्तकों का भी विमोचन किया।
-
जाटूसाना की जनता का एहसान कई जन्मों तक नहीं उतारा जा सकता:
उन्होंने कहा कि जाटूसाना की जनता ने जो पौधा लगाया था, वह अब एक पूरा पेड़ बन चुका है और इसके फल जनता जितना चाहे खा सकती है।
जनता की बदौलत ही वे आज हरियाणा सरकार में
राव नरवीर सिंह ने कहा कि जनता की बदौलत ही वे आज हरियाणा सरकार में मंत्री हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से पहले अहीरवाल के युवाओं को पैसा और सिफारिश की कमी के कारण नौकरियां नहीं मिल पाती थीं लेकिन आज प्रदेश में पारदर्शिता की सरकार है और नौकरियां काबिलियत के आधार पर दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने पर अहीरवाल की जनता खास तौर पर एहसानमंद है। बोले कि अहीरवाल ने भाजपा को 11 में से 10 विधायक दिए हैं। मंत्री राव नरवीर सिंह ने यह भी कहा कि अहीरवाल की जनता ने जिस उम्मीद के साथ सरकार बनाई थी, उससे भी ज्यादा यह सरकार काम करेगी।
एक दर्जन से अधिक शिक्षण संस्थाओं की करवाई थी स्थापना
विद्यालय में आयोजित हुई इस सभा में कार्यवाहक जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद यादव, स्कूल प्राचार्य अनिल यादव ने बताया कि राव मोहर सिंह ने एक शिक्षाविद होने के नाते अहीरवाल क्षेत्र में गांव कंवाली के स्कूल सहित एक दर्जन से अधिक शिक्षण संस्थाओं की स्थापना करवाई थी। संसाधन न होते हुए भी जन सहयोग से उन्होंने इन संस्थाओं का निर्माण करवाया जिससे यहां के बच्चे पढ़ लिखकर रोजगार के लायक हों और दक्षिण हरियाणा का विकास हो। उनके इस अप्रतिम योगदान को आज भी लोग याद रखते हैं।
नवनिर्मित मुख्य द्वार का उद्घाटन करते मंत्री राव नरबीर सिंह। संवाद