फोटो : 12अस्पताल में उपचाराधीन गार्ड संजय।
कुंड(रेवाड़ी)। गांव मनेठी में भूमाफिया ने वन विभाग के गार्ड संजय पर जानलेवा हमला कर दिया जिसमें गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें तुरंत खोल सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद रेवाड़ी में भर्ती कराया गया जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
20 दिन पहले वन विभाग द्वारा वन्य भूमि से मिट्टी उठाने के मामले में आरोपियों के खिलाफ माइनिंग का चालान किया गया था। 21 अगस्त को वन रक्षक संजय डिप्टी रेंजर दिलीप और अन्य विभागीय कर्मचारियों के साथ मनेठी गांव (रेवाड़ी-नारनौल रोड) पर पंचायत जमीन की पैमाइश के कार्य में सम्मिलित थे। इसी दौरान कुछ लोग मौके पर आए व पूर्व की कार्रवाई से नाराज होकर संजय को अकेला देखकर अपने 10-12 साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया।
इस मामले को लेकर उप वन संरक्षक द्वारा 24 जुलाई को ही पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी लेकिन पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वन कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान प्रविंद्र गुलिया ने बताया कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए अन्यथा कर्मचारी आंदोलन को और तेज करेंगे।
रेवाड़ी डीएफओ दीपक प्रभाकर पाटिल ने बताया कि पैमाइश के लिए गई टीम पर भूमाफिया ने हमला कर गार्ड संजय गंभीर को घायल किया है। अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के लिए कहा गया है।