शुक्रवार को मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार सैनी व सचिव नरेंद्र मंडी का निरीक्षण करते। स्रो
रेवाड़ी। नई अनाज मंडी में किसानों और आढ़तियों को हो रही परेशानियों को लेकर 24 सितंबर को अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार सैनी और सचिव नरेंद्र ने मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था में खामियों को लेकर सफाई ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा सीवरेज और प्याऊ के पानी की निकासी की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए।
अध्यक्ष अनिल कुमार सैनी ने मंडी में किसानों के बीच पहुंचकर कृषि उपज की बोली का भी जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर मंडी में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि 28 सितंबर को किसान भवन में मंडी के सभी व्यापारियों के साथ बैठक की जाएगी। इसमें खरीफ सीजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे और व्यापारियों की समस्याएं भी सुनी जाएंगी।
मंडी में ये हैं समस्याएं
मंडी चारों ओर से खुली होने के कारण दिनभर बेसहारा पशु यहां घूमते रहते हैं। इससे किसानों को अपनी फसल की निगरानी करनी पड़ती है। वहीं, मार्केट कमेटी में स्वीकृत चौकीदारों के चारों पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। सरकारी खरीद का सीजन नजदीक है, लेकिन मंडी में अभी तक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त नहीं हुई थीं। मंडी के बीचोंबीच बनी पेयजल की टंकी की टोटियां तक गायब थीं।
इसके अलावा मंडी परिसर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए थे। कचरा उठाने की व्यवस्था नियमित नहीं होने से दुर्गंध और गंदगी के कारण किसानों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शुक्रवार को मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार सैनी व सचिव नरेंद्र मंडी का निरीक्षण करते। स्रो