भिवाड़ी। त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अरावली विहार सेक्टर-11 निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि 22 अक्तूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भिवाड़ी मोड़ चौकी पुलिस की टीम मकान नंबर 179 पहुंची। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
मकान के कमरे की तलाशी में कई कार्टूनों में कलर विजन पटाखे, फूलझड़ी, गोल चक्कर, अनार, बुलेट बम, सूतली बम, रॉकेट और अन्य प्रकार के पटाखे मिले। आरोपी के पास इन्हें रखने और बेचने का लाइसेंस नहीं था। पूछताछ में उसने हरियाणा और दिल्ली से पटाखे लाकर राजस्थान में महंगे दामों पर बेचने की बात स्वीकार की। इस काम में उसके भाई विनित और कुछ दोस्तों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है।