मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते यूनियन के पदाधिकारी। स्रोत : यूनियन
रेवाड़ी। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी का एक प्रतिनिधिमंडल बेसहारा पशुओं की समस्या को लेकर डीआरओ प्रदीप देशवाल से मिला और समस्या को दूर कराने की मांग की। जिला प्रधान समय सिंह ने कहा कि बेसहारा पशुओं के कारण हादसे हो रहे हैं। पिछले दिनों गोवंशों के हमले से दो लोगों की मौत हो चुकी है। अगर तीन दिन के अंदर समाधान नहीं हुआ तो गोवंशों को पकड़ कर उन्हें नेताओं के आवास के बाहर बांधा जाएगा।
समय सिंह ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के कार्यकर्ता गायों और अन्य बेसहारा पशुओं को पकड़कर विधायक लक्ष्मण यादव और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के आवास के बाहर खूंटा गाड़कर बांधेंगे।
उन्होंने बताया कि अनाज मंडी में बड़ी संख्या में आवारा पशु घूमते रहते हैं। ये पशु फसल को नुकसान पहुंचाने के साथ किसानों की परेशानी का कारण बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आवारा पशुओं के लिए पर्याप्त गोशालाओं की व्यवस्था की जाए और पशु खुले में छोड़ने पर संबंधित पशु पालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
समय सिंह ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी इस समस्या को लेकर प्रशासन की लापरवाही का कड़े शब्दों में विरोध करती है। प्रतिनिधिमंडल को प्रशासन की ओर से जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर मोनिका यादव, कृष्ण सैनी, वेद फोगाट मौजूद रहे।