कोसली। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के दक्षिण हरियाणा में एकमात्र सरकारी महिला रीजनल सेंटर कृष्ण नगर की छात्राओं के लिए विश्वविद्यालय की ओर से 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। जिन छात्राओं की उपस्थिति 75 फीसदी नहीं होगी, उन्हें परीक्षा से वंचित किया जाएगा।
रीजनल सेंटर के निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय के नियमानुसार रेगुलर कोर्स में अध्ययनरत प्रत्येक छात्रा को कम से कम 75 प्रतिशत हाजिरी पूरी करनी अनिवार्य है। जो छात्राएं निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं करेंगी, उन्हें फाइनल परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नियम सभी छात्राओं पर समान रूप से लागू होगा।
उन्होंने बताया कि सम सेमेस्टर की कक्षाएं 1 जनवरी से नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। सभी विषयों का टाइम टेबल सूचना बोर्ड पर जारी कर दिया गया है, ताकि छात्राएं समय पर कक्षाओं में उपस्थित हो सकें और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि छात्राओं की नियमित उपस्थिति को लेकर अभिभावकों को भी सूचित किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने और सभी विषयों की कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें, ताकि वे फाइनल परीक्षा देने से वंचित न रह जाएं।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्राओं को स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया गया है कि 75 प्रतिशत हाजिरी पूरी न होने की स्थिति में किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। इसलिए छात्राओं से अनुरोध किया गया है कि वे समय पर कक्षाओं में उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें और विश्वविद्यालय के नियमों का पालन करें।