संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हमारा परिवार संस्था की ओर से श्री गुरु नानक देव जी के प्रकटोत्सव पर कार्यक्रम कलि तारण गुरु नानक आए का आयोजन पंजाबी धर्मशाला में किया गया। इस दौरान सरदार प्रीतपाल ने कहा कि परमात्मा ने सबको बनाया। सभी बराबर हैं फिर भेदभाव कैसा।
मुख्य अतिथि अनेजा पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष नीतू अनेजा, शिक्षाविद प्रो. सीएल सोनी रहे। संस्था के संयोजक दिनेश कपूर ने कहा कि श्रीगुरु नानक देव जी के पिता मेहता कालूराम ने उन्हें 20 रुपये देकर व्यापार करने के लिए भेजा। रास्ते में उन्होंने बहुत से साधु संतों, दीन दुखियों को भूख से व्याकुल देखा, फिर उन्होंने अपने साथी बाला व मरदाना के साथ मिलकर सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की। रुपये खत्म होने पर जब श्रीगुरु नानक देव वापस लौटे तो उनके पिता ने पूछा कि उन रुपयों का क्या किया। गुरु नानक देव जी ने सहज भाव से कहा कि मैंने उन रुपयों का सच्चा सौदा किया है। उसी सच्चे सौदे के कारण आज पूरे विश्व में प्रतिदिन लाखों लोग गुरुद्वारों में लंगर प्रसाद छकते हैं।
गुरु नानक देव सिंह सभा गुरुद्वारा बारा हजारी के प्रधान सरदार प्रीतपाल सिंह, शिक्षाविद् गुरमुख अनेजा, प्राचार्य राजेंद्र सिंह यादव, भारत विकास परिषद के सरदार कश्मीर सिंह व डॉक्टर बलबीर अग्रवाल ने कहा कि वह अंधविश्वास, जात-पात व उच्च नीच के विरोधी थे। उन्होंने गुरुवाणी में कहा कि सभी को परमपिता परमात्मा ने बनाया है तो कोई ऊंचा या कोई नीचा कैसे हो गया। नगर परिषद की पूर्व प्रधान सरोज भारद्वाज, महिला संयोजक शशि जुनेजा, शिक्षाविद प्रीति कपूर व समाजसेवी लता शर्मा ने कहा कि गुरु नानक जी के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में महिलाएं व भक्त जन प्रभात फेरी निकालेंगे। कीर्तन के साथ-साथ लंगर प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।