एक चूहे की वजह से लुटेरे की पहचान अभी तक छुपी हुई है। सुनने में यह भले ही बड़ा अजीब लगे लेकिन यही हकीकत है।
उधर चूहे की इस हरकत के चलते बदमाश की पहचान करने में जुटी पुलिस की परेशानियों में भी खासा इजाफा हो गया है।
काठमंडी स्थित स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिपेयरिंग करने के लिए गुड़गांव से ऑन कॉल आए टेक्नीशियन ने बताया कि बैंक में लगे 11 सीसीटीवी कैमरों में से 10 ठीक काम कर रहे थे, जबकि बैंक के बाहर एटीएम के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के वायर को चूहे ने कुतर दिया था।
इस वजह से इस कैमरे में रिकॉर्डिंग नहीं हो पाई थी। टेक्नीशियन ने यह भी बताया कि वायर कटने से पिछले 15 दिन की रिकॉर्डिंग नहीं हुई है।
----------
उधर, बदमाश की पहचान के लिए दुकानें खंगाल रही है पुलिस
खाकी गोकल गेट मार्केट, रेलवे रोड, मोती चौक और अन्य मार्केट में बनी दुकानों के सीसीटीवी कैमरे देखने में जुटी है ताकि फुटेज के जरिये शुक्रवार को वृद्ध व्यापारी से रकम छीनने वाले बदमाश की पहचान हो सके।
गौरतलब है कि एसबीबीजे की काठमंडी ब्रांच के बाहर से बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे कपड़ा व्यापारी वेदप्रकाश खंडूजा से बदमाश 95 हजार की नकदी और अन्य जरूरी सामान से भरा बैग छीनकर भाग गया था।
बदमाश का एक फुटेज दो गली दूर स्थित एक दुकान से बरामद हुआ था, हालांकि फुटेज साफ नहीं होने से बदमाश का चेहरा साफ नहीं आ सका है।
---------
बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से ऑपरेटिंग सिस्टम तक जाने वाले तार चूहे ने कुतर दिए थे। जिस वजह से रिकॉर्डिंग नहीं हुई थी। बैंक के सभी सीसीटीवी मार्च में ही मेंटेन हुए थे।
- अभय सिंह खाखा, महा प्रबंधक, एसबीबीजे काठमंडी ब्रांच