बावल। भूख लगी है खाना दे दो.....रोटी लेने गई महिला के घर से जेवरात व नकदी चोरी हो गए। यह घटना गांव रसियावास में दिनदहाड़े रोटी मांगने के बहाने आए अज्ञात लोगों ने अंजाम दी है। ये चोर सीसीटीवी कैमरे चोर कैद हो गए हैं। अभी तक इनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पीड़ित रवि कुमार ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 10 बजे उनके घर में दो पुरूष, दो महिलाएं और दो बच्चे आए। आरोपियों ने घर के बाहर आकर रोटी मांगी और खुद को भूखा बताया। उस समय वह घर पर नहीं थे उनकी पत्नी पूजा घर थीं।
पूजा ने बताया कि घर में उस समय तैयार खाना नहीं था। इस पर आरोपियों ने दोबारा कहा कि उन्हें बहुत भूख लगी है कुछ खाने को दे दें। पूजा ने मानवता के नाते उन्हें खाना देने का निर्णय लिया और पास के एक अन्य घर से रोटी लेने चली गईं।
जब वह खाना लेकर वापस लौटीं तो घर के बाहर खड़े सभी लोग वहां से जा चुके थे। पहले तो उन्हें लगा कि शायद वे आगे निकल गए होंगे लेकिन जब वह घर के अंदर पहुंचीं तो देखा कि कमरे की अलमारी खुली थी।
अलमारी जांच करने में पता चला कि उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब हैं। शिकायत के अनुसार अलमारी से दो जोड़ी झुमकी, पाजेब, टीका सहित अन्य आभूषण चोरी हो गए। साथ ही घर में रखे 30 से 40 हजार रुपये नकद भी गायब मिले। पीड़ित के अनुसार उनको लगभग 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना का पता चलते ही परिवार ने आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फुटेज में संदिग्ध आए नजर आए
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग नजर आ रहे हैं, लेकिन उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ने की कोशिश की जाएगी।
गांव में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह रोटी या भीख मांगने के बहाने घरों की रेकी कर चोरी की वारदात करना गंभीर चिंता का विषय है। इस तरह का ऐसा पहला मामला क्षेत्र में आया है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और बाहरी संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की है।
फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग नजर आ रहे हैं, मगर उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
- राजेंद्र सिंह, जांच अधिकारी
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई महिला।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई महिला।